Tuesday, March 27, 2012

रिफ्यूजियों को मिले नागरिकता : भाजपा


जम्मूप्रदेश भाजपा ने पश्चिम पाकिस्तान के रिफ्यूजियों को जम्मू-कश्मीर की नागरिकता देने की वकालत की। पार्टी के जन सम्मेलन कार्यक्रम को जारी रखते हुए भाजपा ने मंगलवार को पलौड़ा के वार्ड नंबर 60 में जनसभा आयोजित की। पार्टी प्रदेश प्रधान शमशेर सिंह मन्हास ने कहा कि आजादी के 65 साल बाद भी लाखों लोग अपमानजनक जिंदगी बसर कर रहे हैं। इन असहाय लोगों ने कई भूख हड़तालें, गिरफ्तारियां व अनशन किए। न तो राज्य सरकार ने आज तक इनकी बात सुनी और न ही केंद्र ने। मन्हास ने कहा कि राज्य सरकार का नागरिकता अधिकार न देने का एकमात्र कारण यही है कि यह लोग एक समुदाय विशेष से संबंध रखते हैं। इनके राज्य का नागरिक बनने से कश्मीर केंद्रित पार्टियों को राजनीतिक समीकरण बदलने का डर है। भाजपा ने हमेशा रिफ्यूजियों का मुद्दा उठाया है। जनसभा सम्मेलन में कर्ण सिंह, हंसराज मन्हास, जोगेंद्र सिंह चिब व राजेंद्र सिंह चिब मुख्य अतिथि रहे। (दैनिक जागरण, 21 मार्च 2012)

शरणार्थियों के मुद्दे पर फिर वाकआउट
जम्मूपश्चिमी पाकिस्तान के शरणार्थियों के मुद्दे पर वीरवार को एक बार फिर जम्मू स्टेट मोर्चा (जस्मो) और भाजपा के विधायकों ने सदन से वाकआउट किया। उत्तेजित विधायकों ने सरकार से शरणार्थियों को राज्य की स्थायी नागरिकता से वंचित रखने को सबसे बड़ा मानवाधिकार हनन करार दिया। विधानसभा में डिप्टी स्पीकर सरताज मदनी ने जैसे ही कार्यवाही शुरू करनी चाही, भाजपा और जस्मो के विधायकों ने अपनी सीटों पर खड़े होकर पश्चिमी पाकिस्तान के शरणार्थियों का मुद्दा उठा दिया। विधायक बार-बार डिप्टी स्पीकर का ध्यान नई दिल्ली में अपनी मांग मनवाने के लिए गए शरणार्थियों की समस्याओं को हल करने और उन्हें स्टेट सब्जेक्ट प्रदान करने की तरफ दिलाने लगे। बिश्नाह से निर्वाचित जस्मो विधायक अश्विनी कुमार शर्मा ने कहा कि शरणार्थियों का मसला साठ साल पुराना है। इन लोगों को आज तक स्टेट सब्जेक्ट नहीं मिला है। ये लोग दिल्ली गए हैं और वहां भी इन पर लाठियां बरसी हैं। इसके साथ ही भाजपा के जुगल किशोर, चौ. सुखनंदन और अशोक खजूरिया भी शरणार्थियों के समर्थन में बोलने लगे। यह देख सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस के चीफ व्हिप मुबारक गुल और विधायक विमला लूथरा भी अपनी सीटों पर खडे़ हो गए। इससे सदन में शोर-शराबा होने लगा। हालांकि उस समय मुख्यमंत्री भी सदन में मौजूद थे, लेकिन उन्होंने इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई। डिप्टी स्पीकर ने भी सरकार को कोई निर्देश जारी नहीं किया। इससे नाराज भाजपा विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। अशोक खजूरिया ने खिचड़ी सरकार हाय-हाय का नारा लगाया। इसके बाद भाजपा और जस्मो विधायक सदन से वाकआउट कर गए।
(दैनिक जागरण, 23 मार्च 2012)

पश्चिमी पाक रिफ्यूजियों के समर्थन में वाकआउट

जम्मू। पश्चिमी पाकिस्तान के शरणार्थियों की स्थायी नागरिकता और उनके दिल्ली कूच को लेकर भाजपा, पैंथर्स व जम्मू स्टेट मोर्चा ने राज्य सरकार को सांप्रदायिक व रिफ्यूजी करार देते हुए विधानसभा से वाकआउट किया। विधायक इन रिफ्यूजियों को स्थायी नागरिकता प्रदान करने की मांग कर रहे थे। सोमवार को स्पीकर मुहम्मद अकबर लोन के आसन ग्रहण करते ही भाजपा, पैंथर्स व जस्मो के विधायक खडे़ हो गए। नगरोटा से भाजपा विधायक जुगल किशोर ने पाकिस्तानी रिफ्यूजियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ये लोग अपनी समस्याओं को हल कराने के लिए नई दिल्ली रवाना हुए हैं। क्या राज्य सरकार के पास इनकी समस्याओं का कोई हल नहीं है? प्रो. चमन लाल गुप्ता ने कहाकि पश्चिमी पाकिस्तान के रिफ्यूजियों को राज्य की स्थानीय नागरिकता और स्टेट सब्जेक्ट मिलना चाहिए। पैंथर्स विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया और जम्मू स्टेट मोर्चा के अश्विनी शर्मा ने नारेबाजी करते हुए कहा कि पश्चिमी पाक रिफ्यूजियों को अधिकार दो। इस दौरान वे अपनी सीटों से उठकर आगे आ पहुंचे। भाजपा नेता अशोक खजूरिया ने कहा कि ये लोग हिंदू हैं, दलित हैं, इसलिए राज्य सरकार इन्हें स्टेट सब्जेब्ट नहीं दे रही है। इसके साथ ही सदन में कम्यूनल सरकार हाय-हाय, रिफ्यूजी विरोधी सरकार हाय-हाय के नारे गूंजने लगे। स्पीकर द्वारा कोई सकारात्मक संकेत न मिलता देख भाजपा, पैंथर्स व जस्मो के विधायकों ने 10.10 बजे सदन से वाकआउट कर दिया। (दैनिक जागरण, 20 मार्च 2012)

No comments:

Post a Comment