Friday, February 11, 2011

जनगणना के दूसरे चरण का श्रीगणेश

Feb 10, 2011
जम्मू, जागरण संवाददाता : देश के अन्य राज्यों के साथ ही जम्मू-कश्मीर में भी जनगणना का दूसरा चरण शुरू हो गया। इसका शुभारंभ राज्यपाल एनएन वोहरा से किया गया।

बुधवार को अधिकारियों सहित करीब 28 हजार कर्मचारी इस अभियान को सिरे चढ़ाने के लिए मैदान में उतरे। राज्यपाल एनएन वोहरा के साथ उनकी धर्मपत्नी प्रथम महिला उषा वोहरा का जनगणना फार्म भी भरवाया गया। जनगणना निदेशक फारूक अहमद फख्तू ने यह फार्म भरवाए। राज्यपाल ने लोगों से जनगणना कर्मियों का सहयोग कर प्रक्रिया को सफल बनाकर देश की प्रगति में हिस्सेदारी की अपील की। जनगणना निदेशक ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न, सेंसेस डायरी और पहले चरण के उद्घाटन का फोटो भी भेंट किया।

वहीं, दोपहर बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से अभियान की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह प्रगति में मील का पत्थर साबित होने वाली जनगणना में हरेक की भागीदारी को सुनिश्चित कराएं। बाद में कर्मचारियों ने अधिकारियों के साथ जनगणना प्रक्रिया को आगे शुरू किया। विभिन्न जिला मुख्यालयों से जनगणना कर्मियों ने इसकी शुरुआत करते हुए लोगों के बीच पहुंचना शुरू कर दिया। 28 फरवरी तक चलने वाले जनगणना के इस दूसरे चरण में डिप्टी कमिश्नर्स के अलावा जम्मू तथा श्रीनगर के म्यूनिसिपल कमिश्नर्स को प्रिंसिपल सेंसेस ऑफिसर बनाया गया। राज्य में कुल 24 प्रिंसिपल सेंसेस ऑफिसर तैनात होंगे, जबकि सभी तहसीलदारों व नगर निगमों व म्यूनिसिपल कमेटियों के कार्यकारी अधिकारियों को इंचार्ज ऑफिसर नियुक्त किया गया, जिनकी संख्या 172 है। विभिन्न विभागों के करीब चार हजार सुपरवाइजर और करीब 23,500 इन्युमिरेटर नियुक्त किए गए हैं।

गौरतलब है कि जनगणना का पहला चरण 15 मई से 30 जून तक चला था जिसमें घर-घर जाकर फार्म भरे गए। हाउस नंबरिंग तथा घर के मालिकों व सदस्यों की गिनती की उस प्रक्रिया को इस चरण में पूरा किया जाना है।

वर्ष 2001 की जनगणना पर आधारित जिलों की जनसंख्या

अनंतनाग : 1170013
बडगाम : 632338
बारामूला : 1166722
डोडा : 690474
जम्मू : 1571911
कारगिल : 115227
कठुआ : 544206
कुपवाड़ा : 640013
लद्दाख : 117637
पुलवामा : 648760
पुंछ : 371561
राजौरी : 478595
श्रीनगर : 1188493
ऊधमपुर : 738965

------
जम्मू जिले की जनसंख्या पर एक नजर

वर्ष 1961: 513151
वर्ष 1971: 7,31,743
वर्ष 1981: 9,43,395
वर्ष 1991: 12,07,996
वर्ष 2001: 15,71,911
------
वर्ष 1981 की जनगणना के अनुसार जम्मू कश्मीर की जनसंख्या 59,87,389 थी। वर्ष 1991 में यह बढ़कर 78,37,051 हो गई, जबकि वर्ष 2001 में 1,01,43,700 हो गई।

(Courtesy : www.jagran.com)

No comments:

Post a Comment