Monday, January 3, 2011

उमर ने शांति की गाड़ी पटरी से उतारी: मुफ्ती


जम्मू, जागरण ब्यूरो: पूर्व मुख्यमंत्री व पीडीपी पैट्रन मुफ्ती मोहम्मद सईद ने भारत-पाकिस्तान में बेहतर संबंधों को समय की मांग करार देते हुए कहा है कि जम्मू-कश्मीर मसले को ठंडे बस्ते में डाल उपमहाद्वीप का भविष्य खतरे में नहीं डाला जा सकता है।

रविवार को पार्टी मुख्यालय में विचार व्यक्त करते हुए सईद ने उमर सरकार पर शांति पक्रिया को पटरी से उतारने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शांति बहाली की दिशा में राज्य में वर्ष 2008 तक जो भी प्रयास हुए थे उन्हें मौजूदा सरकार ने वापस मोड़ दिया। अगर दोनों देशों में संबंध ठीक न होने की वजह यह राज्य है तो राज्यवासियों का हक बनता है कि वे इसके समाधान के लिए पूरा जोर डालें। मीडिया द्वारा कराए गए सर्वे में यही सामने आया कि लोग भारत-पाकिस्तानमें बेहतर संबंध चाहते हैं। लिहाजा, दोनों देशों में विदेश मंत्री स्तर की वार्ता शुरू करने के प्रयास किए जाने चाहिए।

इससे पूर्व सईद ने पार्टी मुख्यालय में माहौर व रियासी क्षेत्र से आए लोगों का पार्टी में स्वागत किया। शामिल होने वालों में युवकों की संख्या ज्यादा है। पीडीपी में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं का नेतृत्व शेख अल्ताफ अहमद व मोहम्मद इजरायल कर रहे थे। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता त्रिलोक सिंह बाजवा, सरताज मादनी, ठाकुर बलवीर सिंह, हसन अली वफा, वेद महाजन, रंगील सिंह, मुर्तजा खान, दमन भसीन, शांति देवी, राजेन्द्र मन्हास, सुरजीत कौर, ठाकुर सूरम सिंह, आरके बाली, आशिक हुसैन खान व अन्य मौजूद थे। 

(Courtesy : www.jagran.com)

No comments:

Post a Comment