Tuesday, April 12, 2011

जमीनी हालत जानने आएगा भाजपा का ग्रुप

जम्मू। भाजपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में केंद्रीय महासचिव जेपी नड्डा ने बताया कि पूर्व भाजपा प्रधान राजनाथ सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल राज्य के तीनों संभागों को दौरा कर समाज के विभिन्न वर्गो एवं राजनीतिक दलों से मिल कर राय जानने के लिए सोमवार को आ रहा है। पार्टी समाज के विभिन्न वर्गो, गैर सरकारी संगठनों, अलगाववादियों, विपक्षी राजनीतिक दलों से बातचीत कर जानना चाहती है कि राज्य के जमीनी हालात क्या हैं ताकि राज्य की देश के साथ रिश्तों की वास्तविक स्थिति बारे बताया जा सके।

इसके अलावा राज्य के प्रमुख नागरिकों, अफसरों से भी प्रतिनिधिमंडल मिल कर राज्य के हालात पर चर्चा करेगा। मिलने की इच्छा रखने वाला कोई भी संगठन प्रतिनिधिमंडल से मिल सकता है। संसदीय प्रतिनिधिमंडल के इस दल का गठन नवंबर में हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में किया गया था।

पार्टी हाईकमान राज्य के हालात एवं संवेदनशीलता बारे तथ्यों को जानना चाहती है और यह तभी संभव हो सकता है जब राज्य के लोगों से मिल कर उनकी आकांक्षाओं के बारे में जाना जा सके। नड्डा के मुताबिक जिस ढंग से नेकां, पीडीपी एवं अलगाववादी नेताओं ने राज्य को लेकर अपना रोडमैप दिया है। ऐसे में जरूरत है कि भाजपा के देश के साथ पूर्ण एकीकरण की मांग को और जोरदार ढंग से रखा जाए। इसलिए यह ग्रुप दौरे पर आ रहा है ताकि विस्तृत रूप से लोगों की आकांक्षाओं को जाना जा सके।

जम्मू कश्मीर संवेदनशील मसला है और इसके राजनीतिक हल के लिए जरूरी है कि बिना किसी छेड़छाड़ के इसे हल किया जाए। लोगों की राय जानने के बाद यह ग्रुप जब भाजपा प्रधान नितिन गडकरी को रिपोर्ट सौंपेगा तो उसके आधार पर भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर राज्य को लेकर ठोस प्रमाण के साथ अपना पक्ष रख सकेगी। पार्टी ने विभिन्न वर्गो से मिलने के लिए निमंत्रण भी भेजे हैं और कुछ लोगों के माध्यम से संपर्क साधा है। यह ग्रुप पहले से निर्धारित किसी सोच पर काम नहीं करेगा। लोगों की राय जानने के बाद जो रिपोर्ट केन्द्रीय भाजपा को सौंपी जाएगी, उसी रिपोर्ट पर कोई भी प्रतिक्रिया गहन चर्चा के बाद दी जाएगी।

राजनाथ कर रहे दल का नेतृत्व

भाजपा महासचिव ने बताया कि इस ग्रुप का नेतृत्व पूर्व भाजपा प्रधान राजनाथ सिंह कर रहे हैं। जबकि इस ग्रुप में रवि शंकर प्रसाद, शाह नवाज हुसैन, माया सिंह एवं जेके जैन शामिल हैं। राज्य के बारे अध्ययन करने आ रहे इस दल के लिए विशेष रूप से गांधीनगर में कार्यालय बनाया गया है और स्थानीय समिति का भी गठन किया गया है।

इस समिति में चंद्रमोहन शर्मा, कवीन्द्र गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, गुलाम अली खटाना, राजेश गुप्ता एवं चंद्र प्रकाश गंगा को जम्मू संभाग तथा कश्मीर के लिए सोफी यूसुफ एवं चरणजीत सिंह खालसा को रखा गया है। प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा राज्य प्रधान शमशेर सिंह मन्हास, प्रवक्ता डॉ जितेन्द्र सिंह एवं चंद्रमोहन शर्मा भी मौजूद थे।

(Courtesy : www.bhaskar.com)

No comments:

Post a Comment