Showing posts with label कश्मीर से जुड़े हैं ISI एजेंट के तार. Show all posts
Showing posts with label कश्मीर से जुड़े हैं ISI एजेंट के तार. Show all posts

Saturday, December 11, 2010

कश्मीर से जुड़े हैं ISI एजेंट के तार


मुंबई। मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को जिस आईएसआई एजेंट को गिरफ्तार किया है, उसे 12 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। जावेद अब्दुल गफार मोजावाला नामक इस आरोपी को मझगांव से पकड़ा गया। मुंबई क्राइम ब्रांच ने मोजावाला पर आईपीसी की अलग-अलग धाराएं लगाई हैं। विश्वस्त सूत्रों का दावा है कि गिरफ्तारी के बाद मोजावाला के घर की तलाशी ली गई। वहां से कई सनसनीखेज दस्तावेज बरामद किए गए। मोजावाला से पूछताछ के बाद कई और लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच का एक स्पेशल ऑपरेशन चल रहा है, इस वजह से कोई भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अधिकृत रूप से मीडिया से कुछ भी बोलने से इनकार कर रहा है।

पिछले सप्ताह जम्मू कश्मीर पुलिस ने किश्तीवार जिले में हुजी के एक कुख्यात सरगना को गिरफ्तार किया था। यह सरगना भारत में आईएसआई के लिए युवकों की भर्ती करता था। मुंबई में कुछ पुलिस सूत्रों का कहना है कि कश्मीर के इस आतंकवादी से हुई पूछताछ में ही मुंबई में मोजावाला के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम हरकत में आई और उस पर नजर रखनी शुरू की। यदि मोजावाला के तार वाकई में जम्मू कश्मीर के सरगना से हैं, तो पिछले एक पखवाड़े में यह दूसरा मामला है, जिसमें मुंबई में जम्मू कश्मीर से जुड़े पकड़े गए हैं। इससे पहले मुंबई एटीएस ने लश्कर के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

(Courtesy : http://navbharattimes.indiatimes.com, 11/12/2010)